
भोपाल, मप्र। केंद्रीय जेल के मुख्य प्रहरी रमाशंकर यादव की बेटी सोनिया यादव ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के जेल प्रहरी के नौकरी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। मुख्यमंत्री ने सोनिया के सामने नौकरी का प्रस्ताव रमाशंकर यादव को श्रद्धांजली देते समय रखा था।
दरअसल मुख्यमंत्री शिवराजसिंह रमाशंकर यादव को श्रद्धाजंली देने गए थे। वहीं उन्होंने उनकी बेटी को भोपाल केंद्रीय जेल में जेल प्रहरी की नौकरी देने की बात कही थी। लेकिन सोनिया यादव ने जेल प्रहरी की नौकरी करने से इंकार कर दिया है।
बता दें दीपावली की रात भोपाल केंद्रीय जेल के मुख्य प्रहरी रमाशंकर यादव आतंकियों से लोहा लेते हुए शहीद हो गए थे। वैसे तो अनुकंपा नियुक्ति की पात्रता पहले पुत्रों को होती है, लेकिन रमाशंकर यादव के दोनों पुत्र सेना में हैं। ऐसे में मध्यप्रदेश सरकार ने रमाशंकर यादव की बेटी को नौकरी का प्रस्ताव दिया था। लेकिन सोनिया यादव ने ये कहकर नौकरी का प्रस्ताव ठुकरा दिया है, कि वो अपनी योग्यता अनुसार नौकरी चाहती हैं। सोनिया यादव ने साफ कहा है कि अगर उसे यूडीसी वगैरह की नौकरी दी जाए तो वह उसे स्वीकार होगा।
ईनाडु की रिपोर्ट के अनुसार सोनिया का कहना है कि उसके परिवार को उसकी जरूरत ज्यादा है। इसलिए वो ऐसी नौकरी करना चाहती है जो दिन में की जा सके। जेल में तो रात में भी नौकरी करना पड़ती है।
सोनिया यादव ने बीबीए करने के बाद बीएड और पीजीडीसीए में डिप्लोमा किया है और इन दिनों आईएएस की तैयारी कर रही हैं। पिछले दिनों उनके परिवार से मिलने आए मनिंदरजीत सिंह बिट्टा ने सोनिया यादव की पढ़ाई का खर्चा उठाने का वादा किया था।