भोपाल: विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की किडनी फेल होने का समाचार आने के एक दिन बाद मध्यप्रदेश यातायात पुलिस के एक सिपाही ने आज उन्हें अपनी एक किडनी दान देने की पेशकश की है।
यातायात सिपाही गौरव सिंह डांगी (26) ने बताया, ‘मैं सुषमा जी को अपनी एक किडनी दान करना चाहता हूं।’ डांगी ने सुषमा स्वराज को ट्विटर पर भी किडनी दान देने की पेशकश करते हुए लिखा, ‘मैं आपको किडनी डोनेट करना चाहता हूं और मेरा ब्लड ग्रुप ‘ओ पॉजीटिव’ है।’
उन्होंने कहा, ‘जब मुझे पता चला कि उनकी किडनी खराब है और उन्हें डोनर की तलाश है, तो मुझे उनके स्वास्थ्य की चिंता होने लगी। यदि डॉक्टरी जांच के बाद मेरी किडनी उन पर प्रतिरोपण के लिए सही पाई जाती है, तो मैं सुषमा जी को अपनी एक किडनी दान कर दूंगा।’ जब डांगी से सवाल किया गया कि वह सुषमा को ही क्यों किडनी दे रहे हैं, तो उन्होंने बताया, ‘मैं उनके (सुषमा) काम से प्रभावित हूं। वह हमारी विदेश मंत्री हैं और अच्छी नेता हैं। इसलिए मैंने उनको किडनी देने का फैसला लिया और ट्विटर के माध्यम से पेशकश भी की है।’
Tags:
bhopal

