नोटबंदी पर बीजेपी नेता का विवादित बयान- क्या लोग राशन की लाइन में नहीं मरते?



नई दिल्ली।  नोटबंदी के बाद लोगों को हो रही परेशानी के बीच बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और मध्य प्रदेश प्रभारी डॉ० विनय सहस्रबुद्धे का एक विवादित बयान आया है। जनसत्ता की रिपोर्ट के अनुसार जब उनसे 500 और 1000 रुपए के नोटों को बदलवाने के लिए लंबी-लंबी लाइनों में खड़े होने के कारण मरने वाले लोगों के बारे में सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि लोग तो राशन की लाइन में भी मरते हैं। 

हालांकि इसके फौरन बाद उन्होंने ये भी कहा कि इसे ठीक करने की कोशिश की जाएगी, ताकि ऐसी घटना न हो। दरअसल मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक नोट बंदी के कारण अब तक करीब 16 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। मध्य प्रदेश, बिहार, गुजरात, बिहार, महाराष्ट्र समेत देश के कई हिस्सों से मौत की खबरें आई हैं। वहीं सहस्र बुद्धे ने इसे काले धन के खिलाफ एक लड़ाई और एक जन आंदोलन बताया। 
जब उनसे पूछा गया कि कतारों में तो सिर्फ आम आदमी ही नज़र आ रहा है, जबकि नेता और अधिकारी पूरी तरह नदारद हैं तो उन्होंने कहा कि आम लोगों में कुछ हड़बड़ी देखी जा रही है, जो नहीं होनी चाहिए। नोट बदलवाने के लिए अभी काफी वक्त बचा है। 500 और 1000 रुपए के नोटों को बंद करने के मोदी सरकार के फैसले बाद अब लोगों में नोट बदलवाने को लेकर एटीएम और बैंकों के बाहर अफरा-तफरी देखी जा सकती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post