संयुक्त राज्य अमेरिका के 45वें राष्ट्रपति बनने जा रहे रियल स्टेट कारोबारी और अरबपति डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका में किसी परिचय के मोहताज नहीं है। रिपब्लिकन पार्टी के ट्रंप ने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव 2016 में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन को हराया है। ट्रंप दुनिया के सबसे अमीर नेताओं से में एक हैं। forbes के अनुसार ट्रंप की संपत्ति 3.7 अरब डॉलर (करीब 25 हजार करोड़ रुपये) है।
70 साल के ट्रंप अमेरिका के बेहद सफल रियल स्टेट कारोबारी हैं। जून, 2015 में पहली बार राष्ट्रपति चुनाव लड़ने की इच्छा जताने वाले ट्रंप ने महज 18 महीनों में अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में इतिहास रच दिया। वह अमेरिकी इतिहास के सबसे अधिक उम्र के राष्ट्रपति होंगे। उनसे पहले रोनाल्ड रीगन 70 वर्ष की आयु में 1981 में राष्ट्रपति बने थे।
इसके अलावा पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति आइजनहावर के बाद ट्रंप रिपब्लिकन पार्टी के ऐसे पहले राष्ट्रपति बनने की राह पर हैं जिन्होंने किसी निर्वाचित कार्यालय में काम नहीं किया है। आइजनहावर द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान यूरोप में संयुक्त बलों के कमांडर थे।
पढ़िए डोनाल्ड ट्रंप का कारोबार
रियल एस्टेट की दुनिया में ट्रंप एक बेहद सफल कारोबारी के तौर पर जाने जाते हैं। कंस्ट्रक्शन का कारोबार डॉनल्ड ट्रंप को अपने पिता फ्रेडरिक ट्रंप से विरासत में मिला। करीब 40 साल से रियल एस्टेट बिजनेस से जुड़े ट्रंप आज करीब 100 कंपनियों के मालिक हैं। ट्रंप खुद फ्लोरिडा के पाम बीच पर ट्रम्प पैलेस में रहते हैं जिसे अमेरिका की सबसे महंगी रिहाइशी इमारतों में से एक माना जाता है।
सत्तर के दशक में ही अपने पिता से पैसे लेकर ट्रंप ने भारी नुकसान में चल रहे कमोडोर होटल को सात करोड़ डॉलर में खरीदा। उन्होंने होटल की इमारत की मरम्मत कराई और 1980 में होटल को द ग्रैंड हयात के नाम से फिर से शुरू किया। ट्रंप का ये दांव बेहद कामयाब रहा। वो रातों-रात करोड़पति बन गए थे। 1982 में डोनल्ड ट्रंप ने न्यूयॉर्क में ट्रंप टॉवर बनवाया। ये न्यूयॉर्क की मशहूर इमारतों में से एक है।
फोर्ब्स के अनुसार ट्रंप टेलिविजन की दुनिया में भी दखल रखते हैं। 1997 में डोनल्ड ट्रंप ने मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता और मिस यूएसए और मिस टीन यूएसए की फ्रैंचाइजी खरीद ली। मनोरंजन की दुनिया में उनका ये पहला कदम था।(HINDUSTAN)
Tags:
world