पटना. कालेधन को रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 500 और 1000 के नोट बैन करने के फैसले का विरोध करते हुए आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने पीएम मोदी पर जोरदार हमला किया है. लालू ने ट्वीट कर कहा है कि नोट बैन करने के बाद भी अगर लोगों को 15 लाख रुपये नहीं मिलते हैं तो इसका मतलब होगा कि यह फर्जिकल स्ट्राइक था.
लालू ने ट्वीट किया, 'अगर ये सब करने के बाद भी लोगों को 15 लाख नहीं मिलते हैं तो इसका मतलब होगा कि यह 'फर्जिकल स्ट्राइक' था और इसके साथ ही आम जनता का 'फेक-एनकाउंटर' भी.'
लालू ने ट्वीट किया कि वे काले धन के विरुद्ध हैं पर पीएम मोदी के कृत्य में दूरदर्शिता और क्रियान्वयन का पूर्ण अभाव देखने को मिल रहा है उन्हें आम आदमी का ख्याल रखना चाहिए था.
लालू इतने में ही नहीं रुके उन्होंने ट्वीट कर पीएम मोदी से सवाल किया है कि क्या 2 महीने के बाद लोगों के एकाउंट में 15 लाख रुपये आएंगे या नहीं. उन्होंने पीएम मोदी से सवाल किया है कि क्या 50 दिन बाद सबके अकाउंट में 15 लाख आएंगे.
लालू ने ट्वीट किया, 'मोदीजी आप 50 दिनों की 'सीमित असुविधा' की बात कर रहे हैं, तो क्या समझा जाए कि आपके वादानुसार 50 दिनों बाद सबके खाते में 15-15 लाख आ जाएंगे?'
आरजेडी सुप्रीमो ने कहा, 'क्या सरकार 50 दिन के बाद आंकड़ा सार्वजनिक करेगी कि खातों में पैसे होने के बावजूद कितने लोग खाने व ईलाज के अभाव और सदमे में मारे गए.'
लालू ने 2000 रुपये के नोट पर भी सवाल उठाया है. उन्होंने ट्वीट किया, 'मोदी बताएं कि अगर वह करप्शन और कालाधन समाप्त करना चाहते हैं तो 2000 रुपये का नोट क्यों बनाया? आपकी इस मंशा पर देश को शंका है.'
Tags:
Politics

