गौरीगंज : स्थानीय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रोहसी खुर्द गांव निवासी विंध्या मौर्या सोमवार की देर शाम खेत गए थे। जहां वह फिसल कर तालाब में गिर गए। जिसमें डूबने से उनकी मौत हो गई। सुबह मामले की जानकारी परिजनों को हुई। हालांकि मामले की कोई शिकायत नहीं की गई।
सड़क दुर्घटना में दो घायल
अमेठी : आमने सामने बाइक की भिड़ंत में दो युवक घायल हो गये। संग्रामपुर के गोरखापुर गाव निवासी आशीष ओझा सोमवार देर शाम अमेठी आ रहे थे। रास्ते में कोरारी गिरधरशाह गाव तिराहे के पास सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। घटना में आशीष और प्रतापगढ़ जिले के दूसरे बाइक सवार को चोटें आई है। आशीष को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया जबकि दूसरे युवक को परिजन इलाज के लिए प्रतापगढ़ लेकर चले गये।
प्रधान को गिरफ्तार कर भेजा जेल
अमेठी : संग्रामपुर के शीतलागंज बाजार में ग्राम पंचायत की भूमि पर अवैध रूप से किये गये अतिक्रमण को लेकर रविवार को मारपीट की घटना हुई थी। जिसमें दिनेश सिंह की बेटी की शिकायत पर प्रधान महेंद्र सिंह उर्फ दुनिया सिंह समेत चार लोगों पर मामला दर्ज किया गया था। इसी मामले में पुलिस ने एक पक्ष से अवधेश को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। मंगलवार को पुलिस ने प्रधान को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा है। थानाध्यक्ष प्रहलाद सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मारपीट में छह घायल
गौरीगंज : स्थानीय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मऊ मझवारा में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। जिसमें छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनो पक्षों की तहरीर पर मामले का मुकदमा दर्ज किया है। घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा है। वहीं जामो थानाक्षेत्र के रामदयाल मौजा बसंतपुर में नाली के विवाद को लेकर राजकरन व फूलचंद्र के बीच मारपीट हो गई। जिसमें राजकरन घायल हुए हैं। जिन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
दो पर मुकदमा दर्ज
अमेठी : तीन दिन पूर्व दीवाल गिराने के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली क्षेत्र के रामनगर निवासी सुषमा पत्नी बनारसी का आरोप है कि बीती 27 अगस्त को पड़ोसी रामसजीवन और जसवंत ने उनकी दीवाल को गिरा दिया था। पुलिस ने दोनों लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। थानाध्यक्ष आरके सिंह ने बताया कि मामला दर्ज किया गया है। घटना की जाच की जा रही है।
मुकदमा दर्ज कराए जाने की मांग
जामो : स्थानीय थानाक्षेत्र के अंतर्गत पूरे बाबा राम दयाल मजरे लखना बसंतपुर गांव निवासी एक महिला ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि गत 23 अगस्त को शौच के लिए जाते समय गांव के ही कुछ लेागों ने उसके साथ छेड़खानी की थी। पीड़िता ने मामले की शिकायत थाने में दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। पीड़िता ने एसपी से मामले में मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।
Tags:
amethi